रेलवे परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों का फूटा आक्रोश

सिंगरौली जिले के देवसर तहसील क्षेत्र में संचालित रेलवे परियोजना को लेकर प्रभावित ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। 25 मई दिन सोमवार को जिला किसान कांग्रेस कमेटी सिंगरौली (ग्रामीण) के अध्यक्ष अशोक सिंह पैगाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कुर्सा, हर्रा चंदेल, खोभा सहित अन्य गाँव के ग्रामीणों ने भारत सरकार रेलवे विभाग नई दिल्ली को द्वारा उपखंड अधिकारी देवसर को तहसीलदार देवसर ऋषि नारायण सिंह को ज्ञापन सौंपकर रेलवे विभाग एवं प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेलवे निर्माण कार्य के दौरान प्रभावित परिवारों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। बिना उचित सीमांकन एवं पूर्व सूचना के निर्माण कार्य कराए जाने से लोगों में भय और असंतोष का माहौल है। कई परिवारों के मकान और भूमि प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन अब तक न तो पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की गई और न ही रोजगार एवं मुआवजे को लेकर कोई ठोस पहल हुई है। ज्ञापन में कहा गया कि रेलवे विभाग द्वारा पूर्व में सिंगरौली जिले में भी प्रभावित परिवारों को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक किसी भी प्रभावित व्यक्ति को नौकरी नहीं दी गई। वहीं अधिग्रहित भूमि का शेष मुआवजा भी अब तक लंबित है, जिससे प्रभावित परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि राजस्व विभाग एवं रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में पुनः सीमांकन कराया जाए तथा मकान हटाने से पहले प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक निवास उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा जिन परिवारों की पूरी भूमि अधिग्रहित हो चुकी है, उन्हें शासन स्तर पर आवासीय भूमि प्रदान करने की मांग भी उठाई गई। निर्माण कार्य से उड़ रही धूल को लेकर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी व्यक्त कीं। उनका कहना है कि धूल घरों तक पहुंच रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी खंड प्रशासन एवं रेलवे विभाग की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के कई प्रभावित ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



