बारिश में भीगा सरकारी गेहूं, परिवहन व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सीधी जिले में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए गेहूं के परिवहन और भंडारण व्यवस्था में लापरवाही का एक मामला सामने आया है, जिसने सरकारी अनाज की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार दोपहर लगभग 3:26 बजे मिनी ट्रक क्रमांक एमपी 53 जीए 6474 में गेहूं लोड कर एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में लदे गेहूं को बारिश से बचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और वाहन पर तिरपाल भी नहीं लगी हुई थी।जानकारी के अनुसार उक्त ट्रक सीधी की ओर से बढ़ौरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान शहर के समीपी सोनवर्षा टोल प्लाजा के पास अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण ट्रक में लदा बड़ी मात्रा में गेहूं भीग गया। बताया जाता है कि गेहूं पूरी तरह खुले में लोड था, जिसके चलते बारिश का पानी सीधे अनाज पर गिरता रहा। ऐसे में अनाज की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने जब वाहन चालक से बात कर यह जानने का प्रयास किया कि बिना तिरपाल लगाए गेहूं का परिवहन क्यों किया जा रहा है, तब चालक ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और वाहन लेकर आगे बढ़ गया।



