सीधी

शिक्षा के क्षेत्र में सीधी की नई उपलब्धि, विद्यार्थियों ने बढ़ाया जिले का मान

• अधिगम संवर्धन कार्यक्रम के बेसलाइन मूल्यांकन में दो विद्यार्थियों ने प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थान शैक्षिक गुणवत्ता सुधार की दिशा में सीधी जिले की उल्लेखनीय सफलता

शैक्षिक गुणवत्ता सुधार के क्षेत्र में सीधी जिले ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। लर्निंग इनहैंसमेंट प्रोग्राम अंतर्गत आयोजित अधिगम संवर्धन कार्यक्रम के बेसलाइन मूल्यांकन में जिले के दो विद्यार्थियों ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। वहीं मझौली विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगा ने भी प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी विशेष पहचान बनाई है।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बेसलाइन मूल्यांकन, शिक्षकों के एआई आधारित प्रशिक्षण, विद्यार्थियों के शैक्षणिक सशक्तीकरण तथा ऑनलाइन माध्यम से एंडलाइन मूल्यांकन जैसी विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप विद्यार्थियों की आधारभूत एवं विषयगत दक्षताओं में सुधार, अधिगम के प्रति रुचि तथा छात्र सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। 29 अक्टूबर 2025 को आयोजित बेसलाइन मूल्यांकन के आधार पर राज्य स्तरीय टॉपर्स का चयन किया गया। इसमें शासकीय हाईस्कूल कुनझुनकला की कक्षा 10वीं की छात्रा सेजल साहू तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिनौती की कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय की छात्रा काजल जायसवाल ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त कक्षा 11वीं कला संकाय श्रेणी में पूरे प्रदेश में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगा को श्रेष्ठ विद्यालय के रूप में चयनित किया गया, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समर्पण, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सहायक संचालक एवं समग्र शिक्षा के एडीपीसी ओशो उत्सव ने डांगा विद्यालय के प्रदेश के श्रेष्ठ विद्यालय के रूप में चयनित होने पर विद्यालय परिवार तथा पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही सिहावल विकासखंड के दोनों मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल में 5 जून 2026 को आयोजित सम्मान समारोह में दोनों विद्यार्थियों तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगा के प्राचार्य को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button