सीधी

वृद्धाश्रम में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, वरिष्ठजनों को मिली चिकित्सकीय सेवाएं

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं बेहतर देखभाल के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में वृद्धाश्रम में निवासरत सभी वरिष्ठजनों का रक्तचाप (बीपी), शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए गए तथा आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत वृद्धजनों को स्वल्पाहार भी प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने वरिष्ठजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं सक्रिय दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।

असहाय वरिष्ठजनों के लिए वृद्धाश्रम में उपलब्ध हैं सभी आवश्यक सुविधाएं-

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने आमजन से अपील की है कि ऐसे वरिष्ठजन जो असहाय हैं, जिनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है अथवा जिनके परिजन उनकी उचित देखभाल करने में सक्षम नहीं हैं, वे कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। संस्था में उनके आवास, भोजन, स्वास्थ्य देखभाल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।वृद्धाश्रम में स्वच्छ एवं सुरक्षित परिसर, व्यवस्थित आवासीय कक्ष, पौष्टिक भोजन, नियमित चाय-नाश्ता तथा मनोरंजन एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठजनों के लिए प्रतिदिन भजन, संगीत, पूजा-अर्चना, आरती एवं टेलीविजन के माध्यम से सत्संग एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इसके अतिरिक्त प्रशासन के सहयोग से समय-समय पर भ्रमण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। संस्था में निवासरत वरिष्ठजनों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है तथा जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर सामूहिक कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें पारिवारिक वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया जाता है।
अधिक जानकारी अथवा प्रवेश संबंधी प्रक्रिया के लिए इच्छुक व्यक्ति सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सीधी अथवा कैलाश स्वर्ण वृद्धाश्रम, पनवार टोल प्लाजा के पास, सीधी में संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button