सीएमडी व निदेशकमंडल ने एनसीएल में किया कई कल्याण सुविधाओं का उद्घाटन

दुधिचुआ को मिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, डीएवी एनेक्सी बिल्डिंग व जयंत को आधुनिक सी एवं डी टाइप क्वार्टर की सौगात
भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(एनसीएल) के सीएमडी श्री भोला सिंह ने गुरुवार को दुधिचुआ परियोजना में नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व डीएवी स्कूल की एनेक्सी बिल्डिंग का उद्घाटन किया । साथ ही जयंत परियोजना के आवासीय परिसर में नवनिर्मित डी व सी टाइप क्वार्टर का उद्घाटन कर एनसीएल कर्मियों को नई कल्याण सुविधाओं की सौगात दी।
इस अवसर पर एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/ संचालन) डॉ॰ अनिंद्य सिन्हा, निदेशक (कार्मिक) श्री मनीष कुमार, निदेशक(वित्त) श्री रजनीश नारायण, एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/ परियोजना एवं योजना), श्री जितेंद्र मालिक, परियोजनाओं के महाप्रबंधकगण, एनसीएल के जेसीसी सदस्य अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे ।
इस अवसर पर सीएमडी श्री भोला सिंह ने कहा कि एनसीएल अपने कर्मियों व उनके परिवारजनों को विश्वस्तरीय एवं सुसज्जित अत्याधुनिक कल्याण सुविधाएं मुहैया कराने हेतु प्रतिबद्ध है | श्री सिंह ने इन सुविधाओं के बेहतरीन उपयोग के साथ-साथ उनके रख रखाव पर विशेष ध्यान रखने का आवाहन किया|
दूधिचुआ परियोजना को मिला नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व डीएवी की एनेक्सी बिल्डिंग
दूधिचुआ परियोजना के कर्मियों एवं आस-पास के रहवासियों की दैनिक जरूरतों की खरीददारी के लिए एक आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया । यह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स 43 हजार स्क्वायर फीट में फैला हुआ है जिसमें 18 छोटी दुकान, 2 मध्यम दुकान, 2 शो रूम, व एक 322 स्क्वायर मीटर क्षेत्रपल का रेस्टोरेन्ट का निर्माण किया गया है। इसका डिज़ाइन कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी सीएमपीडीआईएल द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर दूधिचुआ परियोजना स्थित डीएवी स्कूल की नई एनेक्सी बिल्डिंग का भी उद्घाटन किया गया । परियोजना में पहले से संचालित डीएवी विद्यालय कि नई एनेक्सी बिल्डिंग में 12 आधुनिक कक्षाओं, 2 प्रयोगशालाओं, स्टाफ रूम आदि का निर्माण किया गया है। डीएवी स्कूल के विस्तार से एनसीएल एवं अन्य हितग्राहियों के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में सुगमता होगी ।
जयंत को मिली नए व आधुनिक सी एवं डी टाइप क्वार्टर की सौगात
एनसीएल की जयंत परियोजना में कर्मियों की कल्याण सुविधाओं को नया आयाम देते हुए 22 डी-टाइप और 10 सी-टाइप क्वार्टरों का उद्घाटन किया गया। नए क्वार्टर आधुनिक सुविधाओं से लैस है व एनसीएल के वर्तमान सी व डी टाइप क्वार्टरों से बड़े हैं।
गौरतलब है कि एनसीएल लगातार अपने कर्मियों के कल्याण सुविधाओं का विकास करती रहती है व क्वार्टर, पार्क, क्लब स्कूल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाती है ।



