राजनीति

लोकसभा में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सदन मे उठाया अहम मुद्दा

• प्रवासी मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह तक लाने हेतु योजना की मांग।

सीधी- सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज लोकसभा में शून्यकाल के दौरान एक अत्यंत संवेदनशील एवं जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेषकर सीधी, सिंगरौली एवं ब्यौहारी क्षेत्र को केंद्र मे रखते हुए उन नागरिकों की समस्या को सदन के समक्ष रखा, जो रोजगार, व्यवसाय या उपचार के लिए अन्य राज्यों अथवा दूरस्थ स्थानों में जाते हैं। सांसद ने बताया कि कई बार दुर्भाग्यवश इन लोगों का अन्य प्रदेशों में उपचार के दौरान अथवा कई बार दुर्घटनाओं मे निधन हो जाता है तथा जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को गृह क्षेत्र तक लाने में परिजनों को भारी आर्थिक और वैधानिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत पीड़ादायक होती है, उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र से अन्यत्र गये कुछ प्रवासियों के अनुभवों के आधार पर तथ्य भी प्रस्तुत किए। डॉ. राजेश मिश्रा ने केंद्र सरकार से इस समस्या के समाधान हेतु एक ठोस योजना बनाने की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि इसके लिए अलग से बजटीय प्रावधान किया जाए या इसे आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शामिल किया जाए ताकि जरूरतमंद परिवारों को इस दुखद घड़ी में सरकार की ओर से फौरी राहत मिल सके तथा मृतकों के परिजन जो उस समय एक वज्रपात को सह रहे होते हैं उन्हें संभल प्रदान किया जा सके। सांसद के इस प्रस्ताव को क्षेत्रीय जनभावनाओं से जुड़ा बताते हुए स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। उनका मानना है कि यदि इस दिशा में सरकार ठोस कदम उठाती है, तो संकट की घड़ी में हजारों परिवारों को बड़ी सहायता मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button