सिंगरौली

माड़ा तहसील के हनुमान मंदिर प्रांगण में मासिक महा आरती क्रम संपन्न

माता आदि शक्ति जगत जननी जगदम्बा जी की कृपा एवं परम पूज्य परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के पावन आशीर्वाद से सिंगरौली जिले की माड़ा तहसील स्थित श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में महीने के चतुर्थ रविवार को आयोजित होने वाली मासिक महाआरती श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई।
कार्यक्रम में धनहरा, चूड़ी, बिंदूल, सरई, लंघाडोल, भैसाबूड़ा आदि क्षेत्रों सहित जिले भर से बड़ी संख्या में गुरु भाई-गुरु बहन, संगठन पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं धर्मप्रेमी जन शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत माता जी एवं गुरुदेव के जयकारों के साथ हुई। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से मंत्र जाप, ध्यान साधना, आरती एवं चालीसा पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जब मनुष्य नशा एवं मांसाहार जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहकर चरित्रवान जीवन जीते हुए माता भगवती की साधना-आराधना करता है, तभी उसे साधना का पूर्ण लाभ प्राप्त होता है। यदि व्यक्ति दुर्व्यसनों में लिप्त रहता है, तो साधना का अपेक्षित फल प्राप्त नहीं हो पाता। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को शुद्धता को प्राथमिकता देते हुए नियमित मंत्र जाप, ध्यान, साधना, आरती एवं चालीसा पाठ करना चाहिए। पदाधिकारियों ने कहा कि परम पूज्य गुरुदेव ने पीड़ित एवं भटकी हुई मानवता को सही दिशा देने हेतु हमें इस पावन विचारधारा से जोड़ा है। आज जिन घरों में नशे के कारण माताएं-बहनें दुखी हैं, जहां युवा नशे की गिरफ्त में हैं, वहां तक इस नशामुक्ति एवं चरित्र निर्माण की विचारधारा को पहुंचाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग मां भगवती की कृपा प्राप्त कर सकें। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मां की झांकी को प्रणाम कर प्रसाद ग्रहण किया तथा समाज को नशामुक्त, मांसाहार मुक्त एवं चरित्रवान-चेतनावान बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button