धू-धूकर जल गया तेंदूपत्ता से लदा ट्रक

लाखों रूपये का ट्रक एवं तेन्दूपत्ता जल कर खाक, नही पहुंचा दमकल
वन परिक्षेत्र माड़ा के छतौली में तेन्दूपत्ता से लदा एक ट्रक शनिवार की शाम करीब 4 बजे धू-धूकर जल गया। इस आगजनी की घटना में ट्रक एवं तेन्दूपत्ता समेत लाखों रूपये का नुकसान हुआ। वहीं मौके पर दमकल भी नही पहुंचा। आग बिजली के शॉट सर्किट से लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार माड़ा वन परिक्षेत्र से तेन्दूपत्ता लोडकर एक ट्रक गोदाम ले जा रहा था कि छतौली गांव के मुख्य मार्ग में बिजली के शॉट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। वहीं चालक एवं खलासी ट्रक से कूद कर अपनी जान बचाते हुये शोर-शाराब करने लगे। साथ ही वन एवं पुलिस अधिकारी को सूचना देकर दमकल की मांग भी की है, लेकिन मौके पर दमकल भी नही पहुंचा और ट्रक, तेन्दूपत्ता समेत धू-धूकर जलकर खाक हो गया। हालांकि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई है। परंतु इस आगजनी घटना में प्रशासन की सुस्ती पर भी सवाल खड़े किये जा रहे हैं।



