मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की प्रथम राशि के अंतरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम 10 जून को
सभी ग्रामपंचायतों तथा नगरीय निकायों में आयोजित होंगे कार्यक्रम
सीधी।मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 अन्तर्गत पंजीकृत अंतिम रूप से पात्र समस्त महिलाओं के आधार लिंक्ड डीबीटी इनेबल्ड बैंक खातों में प्रथम मासिक आर्थिक सहायता राशि के अंतरण का राज्य स्तरीय कार्यक्रम दिनांक 10 जून 2023 को सायं 06 बजे (संभावित समय) जिला जबलपुर में आयोजित किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम का वेबकास्ट एवं दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण किया जायेगा। राज्य शासन द्वारा उपरोक्तानुसार दिनांक 10 जून 2023 से प्रदेश में महिला सशक्तिकरण हेतु महिलाओं को सीधे लाभ देने के इस अभूतपूर्व दिवस को उत्सव के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है।
कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जी के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को जिलों में महिला हितग्राहियों को दिखाये जाने तथा कार्यक्रम के पूर्व जिलों में उत्सव मनाये जाने के संबंध में कार्यवाही की जाये। राज्य स्तर से प्रसारित होने वाले उक्त राशि अंतरण कार्यक्रम के प्रत्येक ग्राम, ग्राम पंचायत कार्यालय एवं नगरीय निकाय वार्ड में स्क्रीन पर सीधे प्रसारण को दिखाये जाने की समुचित व्यवस्था की जाये, जिसमें स्थानीय स्तर पर लाभार्थी लाड़ली बहनों की भागीदारी सुनिश्चित की जायें। कार्यक्रम समस्त वार्ड एवं ग्राम स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। ग्राम/ नगरीय निकाय के वार्ड स्तर के कार्यों में क्षेत्र की योजना की समस्त हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाये इस हेतु इन्हें सम्मानपूर्वक कार्यक्रम स्थल पर पीले चावल/आमंत्रण के अन्य अभिनव तरीकों का उपयोग कर बुलाया जाये। कार्यक्रम स्थल पर बैठने एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के सायं 06 बजे प्रारंभ होने के पूर्व ग्राम पंचायत/वार्ड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में लाड़ली बहना थीम पर आधारित रंगोली, लोक गीत एवं लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक, अन्य स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम गतिविधियों का आयोजन भी सुनिश्चित किया जाये। ग्राम/ नगरीय निकाय के वार्ड स्तर के कार्यक्रमों को उत्सव का व्यापक रूपरूप देने के लिये सभी जनप्रतिनिधियों, जनसेवा मित्र, पेसा मोबिलाइजर, जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन समितियों, अन्त्योदया समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, स्वच्छता दूतों, किसान मित्र, सहयोगिनी मातृ समितियों, शौर्यादल के सदस्यों एवं स्वयंसेवी संगठनों की प्रत्येक स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उपरोक्तानुसार स्थानीय स्तर पर आयोजित होने वाले समस्त सांस्कृतिक कार्यक्रम/उत्सव, राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के सायं 06 बजे प्रारंभ होने के 1 घण्टा पूर्व (सायं 05 बजे से 06 बजे तक) आयोजित कर लिये जाये, उसके उपरान्त राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उपरोक्तनुसार प्रत्येक ग्रामध्नगरीय निकाय के वार्ड मे उपस्थित लाभार्थी बहनों एवं आमंत्रित जनप्रतिनिधियों को दिखाया जाये। कार्यक्रम समाप्ति के उपरान्त दिनांक 10 जून 2023 की रात्रि लाड़ली बहना दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाये। इसके अन्तर्गत उत्सव स्वरूप योजना से लाभांवित लाड़ली बहनों के घर में दिये जलाये जायें। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि निकाय में प्रत्येक स्तर पर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 अन्तर्गत पात्र हितग्राहियों को मासिक आर्थिक सहायता राशि के दिनांक 10 जून 2023 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम को दिखाने एवं उक्त दिवस में उक्तानुसार विशेष कार्यक्रमों का समारोहपूर्वक एवं उत्सव के साथ आयोजन कराना सुनिश्चित करें।



