बुलेरो के ऊपर पलटा बल्करः स्कूटी सवार समेत 7 लोगों की हुई मौत

पुलिस चौकी मड़वास के डोल में हुआ भीषण सड़क हादसा
सीधी। सीधी-टिकरी मार्ग में स्थित डोल गांव में आज सुबह दर्दनाक सड़क हादसा होने से खड़ी बुलेरो में सवार 6 लोगों के साथ एक स्कूटी सवार की भी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा अनियंत्रित बल्कर के सड़क के किनारे खड़ी बुलेरो के ऊपर पलटने से हुआ। हादसे के पूर्व ही तेज रफ्तार में सीधी की ओर आ रहे बल्कर के चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक एक स्कूटी सवार युवक को भी टक्कर मार दी गई थी। जिससे उसकी भी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक डॉ. रवीन्द्र वर्मा समेत अन्य अधिकारी एवं पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। बल्कर के पलटने से बुलेरो पूरी तरह से दब गई थी और उसमें सवार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। बुलेरो में फंसी कई लाशों के चिथड़े उड़ गए थे। यहां का ह्रदयविदारक मंजर जिस किसी ने भी देखा उसके रोंगटे खड़े हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कुसमी थाना अंतर्गत कुंदौर गांव से आज सुबह बरात में शामिल होने के बाद बुलेरो में सवार लोग लौट रहे थे। सुबह करीब 9:40 बजे पुलिस चौकी मड़वास के पुलिस सहायता केंद्र टिकरी अंतर्गत डोल में स्थित शराब दुकान के समीप चालक द्वारा बुलेरो को सड़क के किनारे खड़ी करके समोसा खाने चला गया था। शेष बाराती बुलेरो के अंदर ही बैठे हुए थे। उसी दौरान निगरी पावर प्लांट से राखड़ लोड करके तेज रफ्तार में आ रहे बल्कर क्रमांक एमपी 19 एचए 5635 के चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक डोल के समीप स्कूटी सवार आशीष शुक्ला पिता रामकृष्ण शुक्ला 25 वर्ष निवासी शंकरपुर भदौरा, पुलिस चौकी मड़वास को टक्कर मार दी गई।

जिससे यह घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर गए। इसके बाद बल्कर चालक और भी तेज रफ्तार से सीधी की ओर भागा। डोल में जहां बुलेरो सड़क के किनारे खड़ी थी वहां अनियंत्रित बल्कर आकर बुलेरो के ऊपर ही पलट गया। बल्कर के बुलेरो के ऊपर पलटते ही आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे लेकिन कुछ कर पाने में लाचार थे। इसकी सूचना लोगों द्वारा तत्काल पुलिस को दी गई। सीधी से मौके पर पुलिस द्वारा क्रेन को लाया गया और बल्कर को अलग कर बुलेरो में फंसे 6 लोगों की लाशों को बाहर निकाला गया। बुलेरो में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल मिले। 108 एंबूलेंश से स्कूटी सवार आशीष शुक्ला एवं बुलेरो के घायल छोटेलाल साकेत पिता परदेशी साकेत 32 वर्ष निवासी तिवरिगवां चुरहट, बुद्धसेन यादव पिता चंद्रभान यादव 34 वर्ष निवासी सरौंधा जियावन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने स्कूटी सवार आशीष कुमार शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के दौरान हादसे के बाद बल्कर चालक एवं खलासी मौके से रफूचक्कर हो गए। घटनास्थल पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ ही कोतवाली थाना सीधी, जमोंड़ी थाना के साथ ही मड़वास चौकी पुलिस अमला भी मौजूद रहा।
ये हैं बल्कर हादसे के मृतक –
डोल में अनियंत्रित बल्कर के बुलेरो के ऊपर पलटने से आधा दर्जन लोगों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में राजाराम यादव पिता झरियारी यादव 56 वर्ष निवासी माड़ा पानी जमोंड़ी, सुखलाल यादव पिता पियारे यादव 55 वर्ष, रोहित यादव पिता राजकुमार यादव 15 वर्ष, शिब्बू उर्फ मंगल यादव पिता हीरालाल यादव 10 वर्ष सभी निवासी सरौंधा, थाना जियावन सिंगरौली, शिवकुमार यादव पिता कुंजल प्रसाद यादव 18 वर्ष, धर्मेन्द्र यादव पिता छोटेलाल यादव 19 वर्ष सभी निवासी सजहर, थाना जियावन सिंगरौली, स्कूटी सवार आशीष शुक्ला पिता रामकृष्ण शुक्ला 25 वर्ष निवासी शंकरपुर भदौरा, पुलिस चौकी मड़वास शामिल हैं। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्यवाई के पश्चात सभी लाशों को पुलिस द्वारा परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल डोल में बुलेरो के अंदर मृत मिले सभी 6 लोगों की लाश का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्यवाई पुलिस चौकी मड़वास द्वारा की गई। वहीं जिला अस्पताल में मृत हालत में लाए गए स्कूटी सवार आशीष शुक्ला की लाश की पोस्टमार्टम कार्यवाई जिला अस्पताल स्थित पुलिस सहायता केंद्र सीधी द्वारा कराई गई। डोल में पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्यवाई करानें में मड़वास चौकी प्रभारी केदार परौहा अपने अमले के साथ पूरी तरह से सक्रिय रहे। साथ ही सभी लाशों को उनके गृह ग्राम तक भेजने की व्यवस्था भी बनाई गई।



