Uncategorized

’’उज्ज्वल बदलाव हम से’’ शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित

संवेदनशील सोच विकसित करने के लिये दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

सीधी ।समाज में लिंग भेद समाप्त हो एवं लड़कियों और महिलाओं के प्रति संवेदनशील सोच विकसित हो इसके लिये जीवन कौशल शिक्षा के तहत उज्ज्वल प्रशिक्षण आयोजित किया गया। एक श्रेष्ठ समाज के निर्माण में लड़कों की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। जब लड़के या पुरूष लड़कियों या महिलाओं के प्रति संवेदनशील होंगे तो लिंग आधारित भेद मिटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। समाज में किसी भी भेद को हम मिटाना चाहते हैं तो वह हमसे ही मिटेगा। बदलाव हमसे आता है। जब हम बदलेंगे तभी समाज बदलेगा। छात्रों के बीच सकारात्मक मर्दानगी क्या है एक बेहतर समाज में लड़के या पुरूष क्या भूमिका निभा सकते हैं इसी विषय पर स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित उमंग कार्यक्रम के अन्तर्गत उज्ज्वल प्रशिक्षण आयोजित हुआ।

शासकीय विद्यालयों के नोडल शिक्षकों का जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में किया गया। जिसमें 05 एवं 06 जून को कुसमी, मझौली एवं रामपुर नैकिन विकास खण्ड के प्राचार्य एवं 07 और 08 जून को सीधी और सिहावल के प्राचार्यों का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। भोपाल से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त करते हुये कक्षा 09 से 12 तक छात्रों में छात्राओं एवं महिलाओं के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य के साथ प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के चौथे दिवस श्रेयस गोखले डिप्टी कलेक्टर सीधी ने गरिमामय उपस्थिती दर्ज कराते हुये शिक्षकों को संदेश दिया कि भेदभाव को मिटाने में सबकी सक्रिय भागीदारी हो तथा समाज को नशा मुक्ति की ओर अग्रसर करते हुये लोगों को जागरूक करेें। जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ पी.एल. मिश्रा द्वारा प्रशिक्षण में प्राप्त दिशा निर्देश को विद्यालय में लागू करने हेतु शिक्षकों को निर्देशित किया गया। राज्य स्तर से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर श्रीमती कृष्णा मिश्रा, कु. पूजा सिंह चौहान, संजय कुमार सोनी एवं राकेश रतन पाण्डेय द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सहयोगी प्रशिक्षक के रूप में कु. लक्ष्मी वर्मा, कु. कंचन तिवारी, बालेन्दु शेखर दुबे, हरिओम शुक्ला एवं अजय कुमार मिश्र का सहयोग रहा। समापन कार्यक्रम में ए.डी.पी.सी. अशोक तिवारी एवं ए.पी.सी. डाॅ .सुजीत कुमार मिश्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button