प्रदेश सरकार किसानो की सरकार है: विधायक सुभाष वर्मा

सिंगरौली। मुख्यमंत्री किसान ब्याज ऋण माफी योजना से किसानों का आत्म सम्मान बढ़ा है। अब वे किसान जो ब्याज की अदायगी नही करने कारण सहकारी समितियों से डिफाल्टर घोषित कर दिए गए थे, उन्हे सहकारी समितियों से खाद एवं बीज साख पर उपलब्ध नही हो पा रहा था , उन सभी किसानों को खाद , बीज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में लगातार निर्णय लेकर उनकी आय दोगुना करने का कार्य किया जा रहा है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसल ऋण , किसान क्रेडिट कार्ड, सिंचाई रकबे का विस्तार, उत्पादित अनाज का समर्थन मूल्य पर उत्पादन , मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसानों के खातों में वर्ष में 10 हजार रूपये का अनुदान दिया जा रहा है। खेती की लागत को कम करने हेतु तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाने हेतु जैविक खेती , प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस आशय के विचार देवसर विधानसभा के विधायक सुभाष रामचरित बर्मा ने आज जिला मुख्यालय स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र सिंगरौली के सभागार में में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किसानो को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
वही उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुये निगम अध्यक्ष ने कहा प्रदेश सरकार किसानो के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाऐ संचालित कर ही है। वही अभी मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत लाडली बहनो को भी प्रति माह उनके खाते में एक हजार रूपये प्राप्त होगे। आज बड़े ही हर्ष का विषय है कि मुख्यमंत्री ब्याज माफी योजना के तहत प्रदेश के 11 लाख से अधिक किसानो का रूपये 2123 करोड़ का ब्याज माफ किया जा रहा है। वही प्रधानमंत्री फसल बीमा के 29 सो करोड़ का भुगतान तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 1400 करोड़ का भुगतान मुख्यमंत्री किया जा रहा है। जिसमें जिले के 1749 किसानो को 5 करोड़ 34 लाख रूपये का ब्याज माफ किया गया है।वही प्राधिकरण के अध्यक्ष दिलीप शाह के द्वारा उपस्थित किसानो को संबोधित करते हुये कहा कि हमारी सरकार जो कहती उस वादे को पूरा करती है। कृषि क्षेत्र में प्रदेश सरकार को कई आवर्ड निरंतर प्राप्त हो रहे है आज राजगढ़ जिले से भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुख्य अतिथि एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा प्रदेश के किसानो को एक नई सौगात फिर से मिलने जा रही है।
कृषि विज्ञान केन्द्र सिंगरौली में आयोजित जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवसर विधानसभा के विधायक सुभाष रामचरित बर्मा सहित नगर पालिक निगम सिंगरौली अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दिलीप शाह कलेक्टर अरूण परमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश, उपसंचालक कृषि आशीष पाण्डेय के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियो के द्वारा समारोह में उपस्थित किसानो को ब्याज माफी प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल में राजगढ़ जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनने एवं देखने की व्यवस्था की गई थी। उपस्थित जनों द्वारा केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री का लाईव उदबोधन देखा एवं सुना गया। इस अवसर प्रदेश के किसानों के खाते में मुख्यमंत्री कृषि ब्याज माफी योजना के तहत 2123 करोड़ रूपये एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 2933 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित किए गए। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारी दिलीप सिंह, राम सखा शर्मा एवं सीसीबी नोडल अधिकारी गुनजारी लाल तिवारी, सहित मनोज सिंह, अजीत कुमार सिंह, लवकुश सिंह अखिलेश चौबे सहित किसान गड़ उपस्थित रहे।



