किसान कल्याण महाकुंभ कार्यक्रम आयोजित

सीधी जिले के 3087 किसानों को 6 करोड़ 91 लाख से अधिक के ब्याज माफी राशि का अंतरण
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 125729 किसानों के खाते में 25 करोड़ 14 लाख से अधिक की राशि अंतरित
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 2285 किसानों के एक करोड़ 79 लाख से अधिक के दावों का भुगतान
1500 हितग्राहियों को किया गया मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का वितरण
सीधी 13 जून 2023–राजगढ़ जिले के मोहनपुरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के मुख्य आतिथ्य में किसान कल्याण महाकुंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माॅफी योजना 2023 एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत खरीफ 2021 एवं रबी 2021-22 हेतु पात्र कृषकों को सिंगल क्लिक के माध्यम से दावा राशि अंतरित की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत पात्र कृषकों को 2000 रूपये प्रत्येक के मान से राशि का अंतरण किया गया। सीधी जिला मुख्यालय में अटल ऑडोटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन विधायक सीधी श्री केदारनाथ शुक्ल के मुख्य आतिथ्य तथा सांसद श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह, जिला पंचायत के सहकारिता समिति के सभापति श्री प्रदीप शुक्ला के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सीधी जिले के एक लाख 25 हजार 729 किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 2000 रूपये के मान से कुल 25 करोड़ 14 लाख 58 हजार रूपये की राशि खातों में अंतरित की गई। मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माॅफी योजना 2023 अंतर्गत जिले के 3 हजार 087 किसानों के खाते में 6 करोड़ 91 लाख 73 हजार 171 रूपये ब्याज माफी की राशि किसानों के खाते में अंतरित की गई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 2 हजार 285 किसानों के एक करोड़ 79 लाख 75 हजार 980 रूपये के दावों का भुगतान किया गया। साथ ही 1500 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सीधी श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान भाईयों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य कर रही है। प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6 हजार रूपये के साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 4 हजार रूपये की राशि भी प्रतिवर्ष प्राप्त हो रही है जो किसानों को खेती-किसानी में मददगार साबित हो रही है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने किसान भाईयों की चिंता करते हुए उनके ब्याज की राशि माफ कर दी है। अब उन्हें खेती-किसानी के लिए फिर से ऋण मिल सकेगा। फसल बीमा राशि के भुगतान में भी राज्य सरकार द्वारा तत्परता से कार्यवाही की जाती है। प्रदेश के किसानों की खुशहाली में ही प्रदेश की खुशहाली है। मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्रों के हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए विधायक ने कहा कि अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति भूमिहीन तथा आवासहीन नहीं रहेगा। सभी के पक्के मकान का सपना पूरा होगा। सांसद श्रीमती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश प्रगति के राह पर अग्रसर है।

केन्द्र सरकार लोगों के जीवन में खुशहाली के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना जैसी योजनाओं का संचालन कर रही है। इसी प्रकार प्रदेश सरकार लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, तीर्थ दर्शन योजना से लोगों का जीवन सहज बना रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के साथ कंधे से कंधे मिलाकर प्रदेश को नई ऊचाइयों पर ले जा रहे हैं। सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री जी ने योजना की राशि धीरे-धीरे एक हजार से बढ़ाकर 3 हजार करने की घोषणा कर बहनों को खुशियों की सौगात दी है। जिला पंचायत की सहकारिता समिति के अध्यक्ष श्री शुक्ल ने कहा कि कालातीत ऋण होने से प्रदेश के किसान भाईयों को समस्या हो रही थी। किसानों की समस्याओं के निवारण तथा उनके सम्मान की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री जी ने किसान भाइयों को कालातीत से मुक्ति दिलाई है उनके कालातीत ब्याज राशि की माफी की है। अब किसानों को बैंको से ऋण लेने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री साकते मालवीय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राहुल धोटे, उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास श्री नीलेश शर्मा, उप संचालक कृषि श्री संजय श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त सहकारिता श्रीमती दीप्ती बनवासी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सी शर्मा, कृषि वैज्ञानिक श्री महेन्द्र सिंह बघेल, गणमान्य नागरिक श्रीमती पूनम सोनी, श्री धर्मेन्द्र शुक्ला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी तथा किसान भाई उपस्थित रहें।



