गोभा के चेक पोस्ट पर अवैध वसूली सुर्खियों में

सिंगरौली । चेक पोस्ट गोभा,करौटी एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है। आरोप है कि दो पिकअप वाहनों से 35 सौ रूपये वसूल किया गया और उसके एवज में महज 5-5 सौ रूपये की रसीद चालकों को पकड़ायी गयी। विरोध करने पर चेक पोस्ट के वसूलीबाजों ने वाहन चालकों से चाभी छीन ली।मामला सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद इन दिनों चेक पोस्ट पर हो रही बेजा वसूली को लेकर प्रदेश सरकार को ही आड़े हाथों लिया जा रहा है।
दरअसल सूत्रों के मुताबिक पिछले दिनों दो पिकअप वाहन कुछ सामग्री लेकर छत्तीसगढ़ प्रांत से बैढऩ तरफ आ रहे थे कि चेक पोस्ट पर दोनों वाहनों को रोक लिया गया और एमपी में प्रवेश करने पर दोनों राज्यों के टैक्स न होने पर 35-35 सौ रूपये की मांग शुरू हो गयी।
आरोप है कि वाहन चालक चेक पोस्ट पर तैनात कर्मियों से कई घण्टे तक गिड़गिड़ाते हुए मिन्नत कर रहे थे। लेकिन वसूलीबाज माल वाहक वाहनों के इन्ट्री का दर बताकर अपनी जिद पर अड़े हुए थे। अंतत: दोनों वाहन चालक 35-35 सौ रूपये भुगतान करने के लिए मजबूर हो गये। वहीं वाहन चालकों को मात्र 5-5 सौ रूपये की रसीद थमाई गयी। सूत्र बता रहे हैं कि इसी बात को लेकर जब चालक बिफर गये और पूरे रकम की रसीद न देने पर सवाल दागने लगे तो वसूलीबाजों ने दोनों वाहन चालकों से चाभी भी छीन लिये।काफी मिन्नत करने के बाद वाहनों की चाभी वापस की गयी और उन्हें एमपी सिंगरौली के चेक पोस्टों का टोकन लेने समझाईश दी गयी। वर्ना इसी तरह से अर्थदण्ड लगता रहेगा और बेवजह समय भी बर्बाद होगा।
वसूलीबाजों के इस हिदायत के बाद चालकों ने अपनी पीड़ा जगह-जगह सुनाने लगे और कहा कि इतनी वसूली अन्य किसी प्रांतों के चेक पोस्टों पर नहीं हो रही है। एमपी के सिंगरौली जिले के चेक पोस्ट पर भर्रेशाही मची हुई है। यहां वसूलीबाज डराते-धमकाते भी हैं और मारपीट करने पर भी उतारू हो जाते हैं। कहां शिकायत करें कोई सुनने वाला नहीं है।
इधर बताते चलें कि चेक पोस्ट खनहना, जयंत, मटवई एवं गोभा करौटी पहले से ही अवैध वसूली को लेकर चर्चाओं में है। चेक पोस्ट प्रभारी पर वसूलीबाजों को संरक्षण देने का आरोप है। यह आरोप कुछ वर्षों से लग रहे हैं। फिर भी भोपाल में बैठे उक्त विभाग के आका प्रदेश सरकार की किरकिरी कराने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।चेक पोस्ट खनहना, जयंत, मटवई एवं गोभा-करौटी में माल वाहकों से अवैध वसूली व टोकन सिस्टम को लेकर सिंगरौली युकां जिलाध्यक्ष सूर्य कुमार द्विवेदी सूर्या ने प्रदेश सरकार को घेरा है। आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में उक्त चेक पोस्ट पर व्यापक पैमाने पर वसूली जारी है। चेक पोस्टों पर वसूलीबाजों को इसीलिए तैनात किया गया है। कहा कि भाजपा प्रदेश सरकार में भ्रष्ट्राचार को खुलेआम बढ़ावा मिल रहा है।



