नवागत सीएमओ ने लिया स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों का जायजा

वार्ड क्रमांक 5, 6 में नालियों की कराई गई सफाई
सीधी । नगर पालिका परिषद सीधी की नवागत सीएमओ सुश्री मिनी अग्रवाल ने आज सुबह वार्ड क्रमांक 5 एवं 6 का भ्रमण कर स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों का जायजा लिया। उनके द्वारा स्वयं खडे होकर नालियों की सफाई का कार्य कराया गया। वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद आनंद परियानी, वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद हल्के सोनी के साथ वार्डों में भ्रमण कर सफाई, रोड, नाली, लाईट, पानी इत्यादि व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने वार्डवासियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी तथा त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आदेशित किया। भ्रमण के दौरान वार्डों में चौपाल लगाकर सीएमओ ने घर से निकलने वाले गीले कचरे को मटका विधि के माध्यम से खाद बनाने, घर से निकलने वाले कचरे को अलग कर कचरा वाहन में देना आदि के संबंध में नागरिकों को विस्तार से समझाईश दी। सीएमओ ने कहा कि वार्ड सभी नागरिकों का है। ऐसे में सभी रहने वाले लोग अपने वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था को अपनी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए आगे आकर अपनी सहभागिता प्रदर्शित करें। जब तक वार्ड वासियों का सहयोग वार्डों को स्वच्छ बनानें में नहीं मिलेगा तब तक स्वच्छता की कल्पना नहीं की जा सकती। उपस्थित नागरिकों द्वारा भी आश्वस्त किया गया कि वह अपने वार्डों में स्वच्छता की व्यवस्था को सुदृढ रखेंगे। यदि कोई व्यक्ति गैर जिम्मेदाराना तरीके से सडक़ या सडक़ की पटरियों पर कचरा डालता है तो उसको टोंकेंगे। यह जिम्मेदारी सभी नागरिकों में आने के बाद वार्ड की व्यवस्था ही आने वाले दिनों में बदली हुई नजर आएगी। नगर पालिका का स्वच्छता का अमला अपनी ओर से उपलब्ध साधनों के आधार पर शहर को स्वच्छ बनानें के कार्य में लगा हुआ है। इस अवसर पर वार्ड स्वच्छता प्रभारी गौरव सिंह और सहायक राजेन्द्र भारती, एनयूएलएम से सिटी मिशन मैनेजर संदीप मिश्रा, वाहन शाखा से लक्ष्मीकांत शुक्ला, अतिक्रमण दस्ते से अनिल सिंह चालसे तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



