भुईमाड़ में शिवचर्चा की द्वितीय वर्षगांठ पर गूंजेगा भक्ति का स्वर

सीधी। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत भुईमाड़ क्षेत्र में शिवचर्चा प्रारंभ की दूसरी वर्षगांठ का आयोजन इस वर्ष विशेष भव्यता के साथ किया जा रहा है। दूल्ही पोखरी स्थित भगवान शंकर के पावन दरबार में 6 नवम्बर को भजन-कीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम की तैयारियाँ पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ की जा रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त है।आयोजक समिति ने बताया कि इस अवसर पर स्थानीय एवं आसपास के ग्रामों से भजन मंडलियाँ उपस्थित होकर शिव भक्ति में सुर और भावना का समावेश करेंगी। भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान होगा और संपूर्ण वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठेगा।भजन-कीर्तन के उपरांत आयोजित होने वाले विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। आयोजक समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर प्रसाद ग्रहण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें। इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सद्भावना के संदेश को सुदृढ़ करना है।



