भोपाल में सिंगरौली की प्रगति पाण्डेय का सम्मान

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 में सिंगरौली जिले के देवसर निवासी प्रतिभाशाली छात्रा प्रगति पांडेय ने सक्रिय सहभागिता कर जिले का नाम रोशन किया है। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश विधानसभा भवन के मानसरोवर हॉल में 19 से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एमवाय भारत द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सहयोग से किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों और सुझावों के माध्यम से “विकसित भारत” की संकल्पना को मजबूती दी। प्रगति पांडेय को कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ऐसे हुआ प्रतियोगिता में चयन-
इस प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले प्रगति पांडेय ने सिंगरौली के जिला स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके आधार पर उनका चयन भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए हुआ। वहां भी उन्होंने प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
क्षेत्र में हर्ष का माहौल-
राजधानी भोपाल में अपने विचारों से निर्णायक मंडल को प्रभावित कर प्रगति पांडेय ने यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। छात्रा के पिता कौशलेंद्र पांडेय ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने सिंगरौली जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है कि उनकी बेटी ने विधानसभा जैसे मंच पर अपनी बात रखी। स्थानीय लोगों ने प्रगति की इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



