देवसर में शिक्षा का उत्सव: सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का शत-प्रतिशत परिणाम

शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता का संगम एक बार फिर सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवसर में देखने को मिला, जहां शैक्षणिक सत्र 2025-26 के वार्षिक परीक्षा परिणाम की घोषणा अत्यंत गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में की गई। कार्यक्रम अमित दबे संगठन मंत्री, विद्या भारती की विशिष्ट उपस्थिति में सम्पन्न हुआ, जिसने आयोजन को और भी गौरवशाली बना दिया।कार्यक्रम में राजेन्द्र कुमार गुप्त सदस्य, विद्या भारती मध्य क्षेत्र, प्रबंध समिति की अध्यक्ष सविता मिश्रा, व्यवस्थापक घनश्याम दास गुप्ता, कोषाध्यक्ष संगम लाल गुप्ता, प्रधानाचार्य दिनेश प्रसाद मिश्र,विनोद कुमार सिंह,आचार्य परिवार, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए परीक्षाफल की घोषणा की। इस वर्ष विद्यालय का परिणाम अत्यंत गौरवपूर्ण रहा—कक्षा शिशु से अष्टम तक शत-प्रतिशत परिणाम ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को पुनः सिद्ध कर दिया।मेधावियों ने बढ़ाया विद्यालय का मान-कक्षा 5वीं में अंकिता शुक्ला ने 91.2% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंजली साहू (88.5%) द्वितीय और अक्षत शुक्ला (87.2%) तृतीय स्थान पर रहे।कक्षा 8वीं में अनुराग दीपांकर (89.16%) प्रथम, शौरब शुक्ला (88.5%) द्वितीय तथा शालिनी गुर्जर (87.83%) तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 9वीं का कुल परिणाम 91.01% रहा, जिसमें वैष्णवी चतुर्वेदी (93.50%) ने प्रथम, पियूष कुमार बैस (92.17%) ने द्वितीय एवं शशांक तिवारी (84.83%) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 11वीं विज्ञान समूह में 87.01% परिणाम दर्ज हुआ। आयुषी द्विवेदी (84.80%) प्रथम, आरती बैस (83.6%) द्वितीय और आकाश बैस (80.40%) तृतीय स्थान पर रहे। गणित समूह ने शत-प्रतिशत परिणाम के साथ उत्कृष्टता की मिसाल पेश की, जहां ओम विश्वकर्मा (80.20%) प्रथम, स्नेहा पाठक (79.40%) द्वितीय और शरद मिश्रा (79.2%) तृतीय स्थान पर रहे। वाणिज्य समूह का परिणाम 93.75% रहा, जिसमें मान्या गुप्ता (93.40%) प्रथम, अंशिका केशरी (89%) द्वितीय एवं प्रियोम गुप्ता (80%) तृतीय स्थान पर रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।भविष्य की तैयारी का संदेश-अमित दुबे ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को अनुशासन और निरंतर अध्ययन का संदेश देते हुए बताया कि आगामी त्रैमासिक परीक्षा अगस्त माह में आयोजित होगी, इसलिए सभी छात्र अप्रैल से ही गंभीरता के साथ पढ़ाई प्रारंभ करें। व्यवस्थापक घनश्याम दास गुप्ता ने जानकारी दी कि पूर्व माध्यमिक विभाग (खोभा) में नर्सरी से प्रथम कक्षा तक अंग्रेजी माध्यम की आधुनिक सुविधाओं से युक्त कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिसमें अभिभावकों से अधिक से अधिक प्रवेश कराने की अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आचार्य जीतराय शर्मा ने कुशलतापूर्वक किया, जबकि अंत में प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन विश्व कल्याण मंत्र एवं सामूहिक स्वल्पाहार के साथ हुआ।यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की मेहनत, बल्कि विद्यालय के समर्पित शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतिफल है।



