सिंगरौली

सीधी-सिंगरौली में कांग्रेस को मजबूत करने की मांग तेज

• प्रदेश कांग्रेस कमेटी में शामिल करने की मांग, कार्यकर्ताओं ने जताया भरोसा

सिंगरौली कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ और जमीनी नेता ज्ञानेंद्र द्विवेदी को लेकर एक बार फिर संगठन के भीतर हलचल तेज हो गई है। करीब 40 वर्षों से पार्टी की सेवा में सक्रिय द्विवेदी ने सिंगरौली ग्रामीण जिला अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। लंबे राजनीतिक अनुभव और मजबूत संगठनात्मक पकड़ के कारण उन्हें क्षेत्र में एक विश्वसनीय और प्रभावशाली नेता के रूप में देखा जाता है। उनकी साफ-सुथरी छवि, सादगीपूर्ण जीवनशैली और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें सभी वर्गों में लोकप्रिय बनाया है।गौरतलब है कि श्री द्विवेदी की पहुंच गांव-गांव तक मानी जाती है और कार्यकर्ताओं के साथ उनका सीधा संवाद उन्हें अन्य नेताओं से अलग पहचान दिलाता है। सीधी-सिंगरौली क्षेत्र में उन्हें कांग्रेस का एक मजबूत ब्राह्मण चेहरा भी माना जाता है, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का कार्य किया है। संगठन के कठिन दौर में भी उनकी सक्रियता बनी रही और उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस को वर्तमान समय में ऐसे अनुभवी और जमीनी नेताओं को आगे लाने की आवश्यकता है, जो संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान कर सकें। इसी क्रम में अब कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच यह मांग जोर पकड़ रही है कि ज्ञानेंद्र द्विवेदी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में शामिल कर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाए। उनका मानना है कि द्विवेदी के अनुभव, साफ छवि और व्यापक जनसंपर्क से पार्टी को क्षेत्र में नई ऊर्जा मिल सकती है।स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि ऐसे समर्पित और ईमानदार नेता को उचित मंच दिया जाता है, तो कांग्रेस एक बार फिर सीधी-सिंगरौली में मजबूत स्थिति में वापसी कर सकती है। अब देखना होगा कि कांग्रेस नेतृत्व इस मांग पर कितना गंभीर रुख अपनाता है और क्या आने वाले समय में ज्ञानेंद्र द्विवेदी को संगठन में अहम भूमिका मिलती है या नहीं।

Related Articles

Back to top button