शासकीय महाविद्यालय देवसर में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा के अंतर्गत कार्यक्रम का हुआ आयोजन

म.प्र. शासन उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा दिये गये निर्देश के पालनार्थ शासकीय महाविद्यालय देवसर में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा में कार्यक्रम का आयोजन हुआ । प्रथम चरण अंतर्गत दिनांक 10 से 13 अप्रैल के मध्य नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 में विहित प्रावधानों के संबंध में जागरूकता प्रसार हेतु व्याख्यानमाला एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अधिनियम से संबंधित अधिकारों, प्रावधानों एवं उनके व्यावहारिक प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में उनके सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य जमुना प्रसाद नामदेव के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ तथा कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अरूण कुमार पाण्डेय टीपीओ स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्र की महिला उद्यमी श्रीमती डिम्पी गुप्ता मेकअप आर्टिस्ट देवसर उपस्थित रहीं जिन्होंने बताया कि छात्राएं एवं महिलाएं स्वरोजगार के क्षेत्र समृद्ध हो रहीं है। छात्राएं मेकअप आर्टिस्ट के रूप में रोजगार स्थापित कर सकती हैं इसकी वर्तमान समय काफी संभावना है। कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती स्वीटी सिंह काउंसलर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवसर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर उद्यम को बढ़ा सकती हैं । उन्होने बताया कि स्वास्थ्य सम्पत्ति सबसे बड़ी सम्पत्ति है जिसको सुधार करके हम अपने देश की अर्थव्यवस्था में सहभागिता दे सकते हैं। डॉ. अनामिका विश्वकर्मा पशु चिकित्सक, पशु चिकित्सालय देवसर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि स्वरोजगार के अंतर्गत डेयरी उद्योग की प्रबल संभावना है । यह तभी संभव होगा जब हम पशुधन को सुरक्षित कर पायेंगे एवं उनके स्वास्थ्य की समुचित देखभाल कर पायेंगे। यह हमारी अर्थव्यवस्था के विकास में सहयोगी होगा। साथ ही कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 के विभिन्न प्रावधानों पर व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टॉफ अधिकारी कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।



