सिंगरौली

सरई में श्रीमद् भागवत कथा के दौरान श्रद्धा से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

सिंगरौली जिले के नगर परिषद सरई अंतर्गत थाना रोड स्थित वार्ड क्रमांक 4 में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन गुरूवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के बीच भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। 13 अप्रैल से 20 अप्रैल तक चल रहे इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं। कथा व्यास पूज्या देवी चित्रा शुक्ला जी ने श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराते हुए भगवान वामन अवतार तथा श्रीकृष्ण जन्म की पावन कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब भगवान श्रीकृष्ण ने अत्याचार के अंत और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लिया, तब गोकुल में नंद बाबा के आंगन में आनंद की लहर दौड़ गई थी। कथा के दौरान जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से झूमते हुए जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर आकर्षक झांकियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बाल गोपाल की मनोहारी छवि ने सभी का मन मोह लिया। महिलाओं और बच्चों ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस धार्मिक आयोजन की मुख्य आयोजक एडवोकेट गोमती जायसवाल एवं एडवोकेट जावित्री जायसवाल हैं, जिनके मार्गदर्शन में यह संपूर्ण कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में शिववती जायसवाल की सहभागिता रही। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। इस दौरान प्राण जायसवाल, डाँ. गंगा जायसवाल, रामकरण गुप्ता,प्रमोद अग्रहरि, सहित सैकड़ों की संख्या भक्त उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button