सरई मे चल रहे श्रीमद् भागवत कथा में गूंजी माखन चोरी और गोवर्धन पूजा की महिमा

सिंगरौली जिले के नगर परिषद सरई अंतर्गत थाना रोड स्थित वार्ड क्रमांक 4 में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिवस शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण के बीच भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी माखन चोरी लीला, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का श्रवण कर भक्ति रस में सराबोर हो उठे। कथावाचिका ने अपने मधुर वाणी में बताया कि किस प्रकार नंदलाल श्रीकृष्ण बाल्यकाल में गोकुल की गलियों में माखन चुराकर सखाओं संग आनंदपूर्वक उसका सेवन करते थे। उन्होंने गोवर्धन पूजा के प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार का नाश करने के लिए अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की थी। इसी प्रसंग के साथ अन्नकूट और छप्पन भोग की परंपरा का आध्यात्मिक महत्व भी श्रद्धालुओं को बताया गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन की मुख्य आयोजक एडवोकेट गोमती जायसवाल एवं एडवोकेट जावित्री जायसवाल हैं, जिनके कुशल मार्गदर्शन में कथा का आयोजन गरिमामय रूप से संपन्न हो रहा है। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में शिववती जायसवाल की विशेष सहभागिता रही। कथा में तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा, व डॉ. भाईलाल शर्मा, चंद्रशेखर गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की है।




