अवैध रेत परिवहन पर पुलिस का शिकंजा, ट्रैक्टर मय रेत लोड ट्रॉली जप्त

सरई अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देशों के पालन में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सरई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बिना नंबर के नीले रंग का पावरट्रैक ट्रैक्टर, जिसमें अवैध रेत लोड थी, जप्त किया है।यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम जट्टा टोला पुलिया के पास दबिश दी, जहां अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए ट्रैक्टर को पकड़ा गया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 737/2025 के तहत धारा 303(2), 317(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। जप्तशुदा ट्रैक्टर और ट्रॉली की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए तथा रेत की कीमत करीब 3 हजार रुपए बताई गई है। कुल जब्ती की राशि लगभग 6 लाख 3 हजार रुपए आंकी गई है।जप्त वाहन को थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है तथा वाहन स्वामी की पहचान कर उसके विरुद्ध भी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, वाहन को राजसात करने के लिए प्रतिवेदन कलेक्टर कार्यालय भेजा जा रहा है। कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र सिंह भदौरिया, सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, आरक्षक राहुल यादव, रिंकू धाकड़, कपिल बंसल, अवध किशोर गोयल और अंकित शुक्ला की सराहनीय भूमिका रही।



