विराट कवि सम्मेलन कवियों ने देर रात तक श्रोताओं को गुदगुदाया


मध्य प्रदेश हिन्दी साहित्यकार सम्मेलन सिंगरौली के बैनर तले 9 नवम्बर को उल्लास भवन जयंत में विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। उक्त कवि सम्मेलन के मुख्य अतिथि राजीव कुमार, महाप्रबंधक, एनसीएल जयंत क्षेत्र एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ.आरडी पाण्डेय अध्यक्ष बाल कल्याण समिति जिला सिंगरौली एवं प्रांतीय संयोजक आरोग्य भारती, महाकौशल प्रांत तथा अरविन्द सिंह चंदेल, पूर्व अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, सिंगरौली शहर व नगर निरीक्षक विन्ध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी रहें। सर्वप्रथम अतिथियों एवं काव्य मनीषियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा अर्चना दीप प्रज्वलन एवं मंत्रोच्चार के साथ की गई, उसके बाद अतिथियों एवं काव्य मनीषियों का माल्यार्पण, शाल एवं श्रीफल से स्वागत किया गया, तदनंतर काव्य गंगा का प्रवाह शुरू हुआ। सबसे पहले कवयित्री शालिनी श्रीवास्तव ने सुमधुर कंठ से शानदार वाणी वंदना करके एकाग्रता को अनुस्थापित किया, उसके बाद हरिविलास हरि ने अपने मुक्तकों एवं गीतों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। मुम्बई से पधारे हास्य कवि मुजावर मालेगांवी ने अपने गीतों, कविताओं से जनमानस को हंसा हंसाकर लोट पोट कर दिया। मेरठ से पधारे कवि मनोज कुमार मनोज अपने श्रृंगार के छंदों से जहां एक ओर वाहवाही बटोरी, वहीं दूसरी ओर शालिनी श्रीवास्तव एवं सीधी से पधारी कृतिका कृति ने कतिपय श्रृंगार परक गीत सुनाकर उपस्थित जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया। सीधी से पधारे कवि डॉ.राजकरण राज ने अपने उत्कृष्ट गजलों से हृदय मरुस्थल में मंजु मंदाकिनी प्रवाहित कर दिया। सिंगरौली के कवि पाणी पंकज पाण्डेय अपने ओजपूर्ण गीतों एवं आध्यात्मिक गीतों को परोसकर खूब तालियां बटोरीं, व्यंग्यकार प्रविन्दु चंचल ने अपनी व्यंग्यात्मक कविताएं प्रस्तुत कर यथार्थ की अनुभूति से अभिसिक्त किया, सुश्री विभा तिवारी ने अपने आजपूर्ण गीतों से सुप्त अंतःकरण को झकझोर कर जाग्रत करने का बेहतरीन प्रयास किया। कार्यक्रम के संयोजक श्रीकमल अज्ञान ने कतिपय हास्य व्यंग्य रचनाएं परोसकर अनुरंजन आनन्द की अनुभूति से आप्लावित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीकमल अज्ञान ने किया। कवि सम्मेलन रात 12 बजे तक चला। मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम की भूरि- भूरि प्रशंसा अपनी अभिव्यक्ति में की, उसके बाद कार्यक्रम के संयोजक अज्ञान ने आभार प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम में डीके सिंह, परियोजना अधिकारी, जयंत परियोजना, रवि चतुर्वेदी सचिव बीएमएस, अंकित सिंह अध्यक्ष बीएमएस, राजकुमार द्विवेदी अध्यक्ष सीएमएस, महेश गर्ग, सूबेदार सिंह अध्यक्ष के एसएस, एसपी अग्निहोत्री, राजेन्द्र तिवारी, उपेन्द्र दुबे, मनोज दुबे, अजय दुबे एडवोकेट, अर्चना द्विवेदी टीआई विंध्यनगर,गजमोचन सिंह एवं भारी तादात में लोग उपस्थित रहकर काव्य गंगा में अवगाहन किए।



