सिंगरौली

कलेक्टर ने उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को लगाई फटकार

शासन की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित राशन का समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुचारु वितरण सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशन में तहसील सरई में तहसीलदार एवं प्रभारी सहायक आपूर्ति अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा द्वारा देवसर विकासखंड अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवंबर माह के राशन वितरण की दुकानवार समीक्षा करते हुए यह पाया गया कि कुछ विक्रेताओं द्वारा वितरण कार्य में विलंब किया जा रहा है तथा ई-केवाईसी प्रगति और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरती जा रही है। इस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की। तहसीलदार श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान में राशन प्राप्त होते ही पीओएस मशीन के माध्यम से तत्काल एवं सतत वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि पात्र हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाएं आमजन तक ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पहुंचें — यही प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान गौड़बहरा, कोनी बकहुल, महुली, पिंडरा, सरई, धोहनी, गजराबहरा, हरदी, जोबा, निगरी, गननई सहित कई दुकानों के विक्रेता बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। इन सभी अनुपस्थित विक्रेताओं को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। प्रभारी अधिकारी ने चेतावनी दी कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमिता, कालाबाज़ारी या हितग्राहियों के साथ मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के साथ है और प्रत्येक पात्र हितग्राही को उसका हक मिले, यह जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और तत्परता का प्रमाण है। शासन की योजनाओं का लाभ पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ जनता तक पहुंचे — इसी उद्देश्य से निरीक्षण, समीक्षा और अनुशासनात्मक कार्रवाई सतत जारी रहेगी। समीक्षा बैठक के दौरान समिति प्रबंधक सरई आदित्य तिवारी सहित उचित मूल्य दुकान विक्रेता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button