रामनवमी पर सरई से अयोध्या तक आस्था की अनूठी यात्रा

चैत्र मास की पावन नवमी तिथि पर सम्पूर्ण देश राममय हो उठा और इसी आध्यात्मिक वातावरण में सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भी अपनी अटूट आस्था का परिचय देते हुए अयोध्या धाम की पवित्र यात्रा की। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर सरई से निकले भक्तों का दल अयोध्या पहुंचा, जहां उन्होंने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भगवान श्रीराम के दर्शन कर अपने जीवन को धन्य किया। अयोध्या पहुंचकर श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम पवित्र सरयू नदी में स्नान कर आत्मशुद्धि का अनुभव किया। इसके उपरांत उन्होंने सीता रसोई के दर्शन किये, जहां माता सीता की स्मृतियां आज भी भक्तों के हृदय में श्रद्धा का संचार करती हैं। आगे बढ़ते हुए श्रद्धालु हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन कर उन्होंने अपनी यात्रा को और भी पवित्र बनाया। इन सभी दिव्य स्थलों के दर्शन उपरांत भक्तों ने भव्य राम जन्मभूमि मंदिर में प्रवेश कर प्रभु श्रीराम के दर्शन किये। मंदिर की भव्यता, आध्यात्मिक ऊर्जा और दिव्यता ने सभी श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। हर ओर गूंजते “जय श्रीराम” के जयघोष ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस धार्मिक यात्रा में सरई क्षेत्र से श्यामलाल जायसवाल श्यामू, मदन जायसवाल, पंकज दुबे, सुमन सिंह,नागेन्द्र जायसवाल, लालकुवर जायसवाल, चूणामणि जायसवाल, अखिलेश द्विवेदी, हरीलाल जायसवाल सहित अनेक श्रद्धालु सम्मिलित रहे। यह यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक बनी बल्कि क्षेत्रवासियों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और एकता का संदेश भी दे गई।



